उमरी गांव के खेत में गेहूं की फसल में लगी आग। संवाद
- फोटो : HAMIRPUR
भरुआसुमेरपुर(हमीरपुर)। गुरुवार रात हाईटेंशन लाइन के शार्ट सर्किट से आग लग जाने के कारण 10 बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर आग पर काबू पाया।
गुरुवार की रात थानाक्षेत्र के ग्राम बिदोखर मेंदनी गांव निवासी किसान श्रीराम साहू के खेत से गुजरी हाईटेंशन लाइन में रात करीब 11 बजे स्पार्किंग होने से खेत में सूखी खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। तेज हवा चलने के कारण देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग से करीब 10 बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इससे किसान को गहरा सदमा लगा है। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस घटना में बमुश्किल किसान की एक बीघा ही फसल बच पाई है। आग से किसान को लाखों रुपये की क्षति हुई है। घटना से गांव के लेखपाल को अवगत कराया गया है।
आग से चार बीघे गेहूं की फसल जली
बिवांर (हमीरपुर)। क्षेत्र के उमरी गांव में शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे गेहूं के खेतों के डंठलों में अचानक आग लग गई। जो भादन डेरा मौजा के कई बीघा के डंठलों को राख करते हुए देवीप्रसाद पांडेय के कटी पड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। जिसमें उनकी करीब चार बीघे की फसल जलकर राख हो गई। आग ने भीषण रूप लेते हुए काशी प्रसाद यादव व रामऔतार यादव की दो-दो बीघे के फलदार बगीचे को भी अपनी चपेट में ले लिया। जिससे वह भी जलकर राख हो गए। ग्रामीणों की सूचना दमकल ने आग पर काबू पाया। भादन डेरा मौजा के लेखपाल राजेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर आगजनी से हुए नुकसान का जायजा लिया।