कुरारा। नगर पंचायत के 12 सभासदों ने बुधवार को अध्यक्ष पर विकास कार्यों में अनियमितता कर धांधली का आरोप लगा जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया है। जिसमें नगर पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की जांच कराए जाने की मांग की है। जिलाधिकारी ने नगर पंचायत द्वारा कराए गए विकास कार्यों की जांच के आदेश दिए हैं।
सभासद अवधेश गुप्ता, संपत रानी, संदीप, रवि गुप्ता, रमाकांत, कैलाश चौरसिया, श्रवण कुमार अवस्थी, आशा देवी, धीरेंद्र, भीष्म देव, रामकुमारी, मुकेश कुमार आदि लोगों ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में बताया कि अध्यक्ष श्रीकांत गुप्ता शासनादेशों को ताक पर रखकर कई कर्मचारियों की नियुक्ति, पार्किंग टेंडर अपने चहेते ठेकेदार को दिए हैं। गोशाला में गोवंशों को भूसा की जगह धान की पराली खिला कर भूसे का भुगतान कराने, नालों के निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग कराए जाने, पांच टैंकर एक सेप्टिक टैंकर व एक जेसीबी मशीन व्यक्तिगत लाभ के लिए किराए पर उठाने, नजूल की भूमि पर भू माफियाओं को कब्जा कराने जैसे आरोप लगाए हैँ।
डीएम से तकनीकी अधिकारी से विकास कार्यों की जांच एक सप्ताह के अंदर कराए जाने की मांग की है। यदि कार्रवाई नहीं की जाती तो आंदोलन करने की चेतावनी दी है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत गुप्ता का कहना है कि बोर्ड की सहमति से सारे विकास कार्य कराए गए हैं। कहा कि लगाए गए सारे आरोप निराधार हैं।