जाम लगाकर परिजनों ने काटा हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
हमीरपुर के ब्रह्मा डेरा मोहल्ले में पिछले पांच नवंबर को रुपये के लेनदेन में दो पक्षों में हुई मारपीट में घायल हुए शिवनारायन की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। मृतक की बहू की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या व मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है था। घटना से गुस्साए परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी ने होने पर शव रखकर जाम लगा दिया। अधिकारियों के समझाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद जाम खोला गया।
हमीरपुर के ब्रह्मा डेरा मोहल्ला निवासी पार्वती ने बताया कि बीते 5 नवंबर को रुपयों के लेनदेन में राजाराम व उनके पुत्रों ने पति अरविंद व ससुर शिवनारायन को लाठी डंडों से हमला कर गंभीर रुप से घायल कर दिया। जिला अस्पताल में भर्ती ससुर शिवनारायण को चिकित्सकों ने कानपुर रेफर किया था। वहां इलाज के दौरान ससुर की मौत हो गई।
बताया कि राजाराम व उनके पुत्र धर्मेंद्र, सोलंकी व छोटे के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की है। वह खुलेआम घूमकर उन्हें धमकी दे रहे हैं। पुलिस को बताने के बाद भी कार्रवाई न करने से नाराज परिजनों ने सिटी फारेस्ट के पास फोरलेन पर सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे जाम लगा दिया।
सूचना पर नगर पालिका चेयरमैैन कुलदीप निषाद, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार व एडीएम रमेशचंद्र पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। जाम लगने से बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन बंद रहा।