हमीरपुर के कुरारा कस्बा के वार्ड नंबर 10 में नए सीवर टैंक की सफाई करने के लिए नीचे उतरते ही मिस्त्री व मजदूर बेहोश हो गए। उनकी हालत खराब होते देख वहां मौजूद एक अन्य युवक उन्हें बचाने के लिए नीचे उतरा तो उसकी भी हालत खराब हो गई।
मकान मालिक ने थाने में घटना की सूचना दी। सूचना पर दमकल की गाड़ी और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के सहयोग से तीनों लोगों को बाहर निकाला गया। आनन-फानन तीनों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने दो को मृत घोषित कर दिया।
दोनों की मौत की खबर सुन परिवार में कोहराम मचा गया। वार्ड नंबर 4 निवासी सिद्ध गोपाल (50) व उनके पुत्र भूरा (23) मजदूर छोटे के साथ सीवर टैंक की सफाई करने उतरे थे। मकान मालिक गोरेलाल विश्वकर्मा ने बताया कि टैंक सिद्ध गोपाल ने ठेके लेकर बनाया था।
एक महीने पूर्व बनाकर उसको बंद कर दिया था। शुक्रवार को सुबह 11 बजे टैंक की सफाई के लिए तीनों लोग आए थे। नीचे उतरते ही बेहोश हो गए। इलाकाई लोगों ने बताया कि नए सीमेंट टैंक में गैस बन जाने के कारण यह हादसा हुआ है।
हालत खराब हो जाने पर 108 एंबुलेंस से तीनों लोगों को जिला अस्पताल उपचार के लिए भेजा गया। जिला अस्पताल में सिद्ध गोपाल सोनकर व छोटे को मृत घोषित कर दिया है। वहीं भूरा का इलाज चल रहा है।