राठ (हमीरपुर)। कस्बे के ऐतिहासिक चार तालाबों की सूरत बदल जाएगी। इसमें लगभग तीन करोड़ रुपये खर्च होंगे। धूपकली तालाब से इसकी शुरुआत की गई। अमर उजाला ने तालाबों के अस्तित्व पर संकट की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद प्रशासन ने इसे संज्ञान में लिया और काम शुरू कराया है।
अमर उजाला में 30 नवंबर 2025 को महाभारत काल की यादें समेटे तालाबों का अस्तित्व खतरे में शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की। इसके बाद नगर पालिका प्रशासन हरकत में आया। चार तालाबों के सुंदरीकरण और पुनर्जीवन का कार्य शुरू कराया गया है।
नगर पालिका के ईओ राजेश कुमार ने बताया कि नगर पालिका कार्यालय के पीछे स्थित धूपकली तालाब का 85 लाख रुपये की लागत से सुंदरीकरण कराया जा रहा है। फरसौलियाना मोहल्ला स्थित नवाजगढ़ तालाब पर 89 लाख, सिकंदरपुरा मोहल्ला के अछूत तालाब पर 75 लाख और महावीरन तालाब पर 45 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे आसपास के क्षेत्रों में भूगर्भ जल स्तर में सुधार होगा, इसका असर हैंडपंपों में भी दिखाई देगा।
ईओ ने बताया कि दीपा तालाब के सुंदरीकरण के लिए करीब सवा दो करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलने के बाद उस पर भी कार्य शुरू करा दिया जाएगा।