फोटो 23 एचएएमपी 15- तालाब में पड़ी मृत मछलियां। संवाद
मुस्करा (हमीरपुर)। कस्बे के छह थोक निवासी बाबूराम द्वारा मत्स्य पालन के लिए इटकिरी तालाब में बड़ी संख्या में पाली जा रही मछलियों की मौत हो गई। ठेकेदार ने इसके लिए ग्राम प्रधान पर आरोप लगाते हुए लगभग चार लाख रुपये के नुकसान की बात कही है।
बाबूराम ने बताया कि वर्ष 2021 में उन्होंने मत्स्य विभाग से इटकिरी तालाब का आगामी 10 वर्षों के लिए मछली पालन का सरकारी ठेका लिया था। तालाब में बड़ी संख्या में मछली के बच्चे डलवाए गए थे, जो बाजार में बेचने योग्य हो चुकी थीं। उनका आरोप है कि तालाब में गंदगी व दूषित तरल पदार्थ मिलाकर मछलियों को मार दिया गया।
बताया कि कई कुंतल मरी हुई मछलियां तालाब से निकाल ली गई हैं, लेकिन शेष मछलियां भी लगातार मर रही हैं। उन्होंने जिम्मेदारों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही और शासन-प्रशासन से न्याय व सहायता की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी निरीक्षक राम आसरे सरोज ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
ग्राम प्रधान ने आरोपों को बताया निराधार
ग्राम प्रधान महेंद्र प्रताप अहिरवार ने कहा है कि ठेकेदार के आरोप निराधार हैं। बताया कि तालाब के आस-पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों द्वारा गंदगी फैलाकर तालाब के पानी को दूषित किया गया, जबकि तालाब की देखभाल की मुख्य जिम्मेदारी ठेकेदार की थी। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत के सफाई कर्मचारियों ने अपनी नियमित जिम्मेदारी के तहत तालाब के आसपास की सफाई कर गंदगी हटाई। ठेकेदार को आस-पड़ोस के लोगों द्वारा फैलाई जा रही गंदगी से अवगत भी कराया, लेकिन अपनी लापरवाही छिपाने के लिए वह अब निराधार आरोप लगा रहे हैं।