सूफीगंज चौराहा स्थित गिफ्ट सेंटर में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
हमीरपुर जिले में सूफीगंज चौराहे पर स्थित पांच मंजिला मकान में संचालित गिफ्ट सेंटर में गुरुवार रात अचानक आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग की भयावहता के बीच गैस सिलिंडर फटने से लोग दहल गए।
धमाके से तीसरी मंजिल की एक दीवार में काफी बड़ा होल हो गया और खिड़कियों के शीशे टूटकर लोगों के ऊपर जा गिरे। तीन गाड़ियों से करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। करीब 20 लाख रुपये के क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है।
शहर के लल्ला बास मिठाई वाले के नाती उत्कर्ष पुरवार का सूफीगंज चौराहे पर पांच मंजिला मकान है। तीसरी मंजिल पर रसोई और बेडरूम है। जिसमें उत्कर्ष अपनी मां रेनू के साथ रहते हैं। जबकि तलघर के ऊपर वाले मंजिल में सेंटर का शोरूम है और अन्य मंजिल पर दुकान का सामान भरा था।
गुरुवार को उत्कर्ष किसी कार्य से शहर से बाहर गए थे। शाम करीब छह बजे उनकी मां रेनू दुकान पर थी। तभी दुकान में आग भड़क उठी। इस पर आसपास के दुकानदारों ने आग बुझाने का प्रयास कर कुछ सामान बाहर निकाला।
इसी बीच आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मौके पर पहुंचे फायर सीओ राहुल पाल के निर्देशन में तीन वाहनों से दमकल कर्मियों ने आग को बुझाना शुरू किया। मकान के सामने लगी खिड़कियों से आग को बुझाने का कार्य शुरू किया। इस दौरान तीनों गाड़ियों का पानी खत्म हो जाने पर कुछ देर रेस्क्यू अभियान बंद रहा।
करीब 15 मिनट बाद फिर अभियान शुरू किया गया। इसी बीच एक गैस सिलिंडर फटने से तेज धमाका हुआ। आग बुझाने के दौरान नौकर दीपक, लकी गुप्ता, लकी धुरिया, पड़ोसी दुकानदार विनय बाजपेयी चुटहिल हो गए। आग की घटना से गिफ्ट सेंटर के बगल स्थित बाजपेयी पूजा सामग्री व दूसरे बगल में सिलाई व गिफ्ट सेंटर की दुकान वाले परेेशान रहे।
मगर अन्य दुकानदारों ने काफी मेहनत की और आग बुझाने में दकमल कर्मियों का सहयोग करते नजर आए। सूचना पर अपर एसपी अनूप कुमार, सीओ सदर अनुराग सिंह, चेयरमैन कुलदीप निषाद पहुंचे। इस दौरान पुलिस को भीड़ नियंत्रण करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।
बिजली के बोर्ड से निकली आग
दुकान में काम करने वाले दीपक ने बताया शोरूम में लगे बिजली बोर्ड से आग निकली थी। तभी जैसे ही उनकी नजर पड़ी तो आग को बुझाने का प्रयास किया। जिसमें वह काफी झुलस गए हैं। बताया उनका साथी जीशान भी आग बुझाने में झुलसा है।