भरुआसुमेरपुर। क्षेत्र के बिदोखर पाटनपुर मार्ग पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत हो गई। दूसरा गंभीर घायल हो गया। हेलमेट न लगाए होने से सिर पर गंभीर चोटें आने से जान गई है। ट्रक चालक वाहन सहित मौके से भाग निकला।
बिदोखर पुरई निवासी अरुण सविता (26) गांव निवासी बच्ची सिंह (45) के साथ खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल को समेटने के लिए शाम करीब 4:30 बजे बाइक से बिना हेलमेट लगाए जा रहे थे। बाइक अरुण चला रहा था। बंडा रोड के पास बिदोखर पाटनपुर मार्ग में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक से कुचल जाने के कारण अरुण सविता की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बच्ची सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक ट्रक में फंसने से काफी दूर तक घिसटती चली गई।
इंगोहटा पुलिस चौकी इंचार्ज रोशनलाल ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित पाटनपुर की तरफ भाग निकला है। मृतक खेती किसानी कर परिवार का हाथ बंटाता था। वह तीन भाइयों एवं दो बहनों में सबसे बड़ा था। इसकी शादी हो चुकी है।