बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
- फोटो : Hamirpur-HP
बिझड़ी (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में चैत्र माह मेलों के अंतिम रविवार को श्रद्धालुओं की खूब भीड़ उमड़ी। रविवार को करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में माथा टेका। यह मेले तीन दिन बाद बैसाखी को खत्म हो जाएंगे। इसके चलते मेलों के अंतिम रविवार को मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा। शनिवार शाम को ही श्रद्धालु मंदिर में पहुंच गए। जबकि सुबह सवेरे ही श्रद्धालुओं की कतारें बाबा की गुफा के दर्शनों के लिए लग गईं। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर बाबा के जयकारों से गूंज उठा।
चैत्र माह मेलों के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या कम होने लग जाती है, लेकिन एक माह तक चले मेलों के दौरान बाबा के भक्त हजारों की संख्या में मंदिर पहुंचते हैं। रविवार को भी कई श्रद्धालु शाहतलाई में अपने वाहनों को खड़ा कर कड़ी धूप में पांच किलोमीटर का रास्ता पैदल तय कर मंदिर पहुंचे। वहीं, कई श्रद्धालु दंडवत होकर बाबा के दरबार में पहुंचे। 13 अप्रैल को श्रद्धालु शाहतलाई के नजदीक बरछेटू में गंगा की धार में स्नान कर बाबा बालक नाथ मंदिर पहुंचते हैं और चैत्र माह मेलों का समापन हो जाता है। बीते दो साल कोरोना महामारी के कारण चैत्र माह मेले बंद रहे, लेकिन इस बार एक माह तक श्रद्धालुओं ने भारी संख्या में मंदिर पहुंचकर माथा टेका। इस संदर्भ में बाबा बालक नाथ मंदिर अधिकारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने अपना शीश नवाया और प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था की है।