फोटो 01 एचएएमपी 41- बेतवा नदी की तलहटी में प्रतिमा विसर्जन के दौरान उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।
हमीरपुर। नवरात्र समापन पर देवी प्रतिमाओं का विसर्जन बुधवार से शुरू हो गया। भक्तों ने हवन-पूजन के बाद नगर व गांवों में भ्रमण कराकर नम आंखों से महामाई को विदाई दी। भक्ति गीतों व ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच प्रतिमाओं को बेतवा नदी के पास भू- विसर्जन किया जा रहा है।
सरीला तहसील क्षेत्र में कुल 77 प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। बुधवार से शुरू हुआ विसर्जन आज, कल और परसों तक चलेगा। विसर्जन के लिए प्रशासन ने अलग-अलग घाटों पर विशेष इंतजाम किए हैं। जलालपुर थाना क्षेत्र में कुल 23 प्रतिमाएं रखी गईं। बुधवार को चार प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। जलालपुर पुल के पास बेतवा नदी किनारे गड्ढा बनाकर विसर्जन की व्यवस्था की गई है। यहां अभी तक जलालपुर घाट में सरीला की 8, मनकहरी की 1, छिबौली की 1 और ममना की 1 प्रतिमा का विसर्जन किया जा चुका है।
जरिया थाना क्षेत्र में इस बार सबसे अधिक 54 प्रतिमाएं रखी गईं। थाना क्षेत्र व अन्य जगहों से लाई गई 25 प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका है।विसर्जन स्थलों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। एसडीएम बलराम गुप्ता ने बताया कि सरीला तहसील की कुल 77 प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्वक कराया जा रहा है। विसर्जन का क्रम दो दिन और चलेगा।