फोटो 13 एचएएमपी 22- मुस्करा में प्रेमी युगल के पकड़े जाने पर मौके पर लगी भीड़। संवाद
मुस्करा (हमीरपुर)। घर से प्रेमी के साथ जा रही युवती को परिजन ने बसवारी-मौदहा तिराहे पर पकड़ लिया लेकिन युवती प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ गई। इस दौरान तिराहे पर भीड़ जमा हो गई और काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। सूचना पर पहुंची पुलिस प्रेमी युगल को थाने ले गई।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के पिता ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। बताया कि गांव का ही अमित यादव (27) उनकी बेटी (21 वर्ष) को ले जा रहा था। जानकारी मिलने पर परिजन ने दोनों को बसवारी-मौदहा तिराहे पर पकड़ लिया। आरोप लगाया कि बेटी दुकान की गोलक से पांच हजार रुपये भी निकाल लाई है। परिजन ने उसे समझाकर घर ले जाने का प्रयास किया लेकिन वह युवक के साथ जाने की जिद पर अड़ी रही। सूचना मिलने पर पुलिस दोनों को थाने ले आई।
थाना प्रभारी निरीक्षक राम आसरे सरोज ने बताया कि युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि युवती अपने परिजन के साथ घर जाने को तैयार नहीं है। उसे वन स्टॉप सेंटर भेजा जा रहा है।