हमीरपुर। कस्बा सुमेरपुर स्थित फैक्टरी में ड्यूटी को जा रहे बाइक सवार कर्मियों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें एक की मौके पर मौत हो गई। वहीं, दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। तीसरे साथी को हल्की चोटें आने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के कनौटा शीतलपुर गांव निवासी श्याम सिंह (29) गांव निवासी अपने साथी देवराज (22) के साथ सुमेरपुर स्थित हिंदुस्तान लीवर लि. में ड्यूटी करने के लिए बुधवार रात बाइक से निकला। मुख्यालय से एक और साथी को साथ लेकर सुमेरपुर के लिए निकले। रात करीब 10 बजे चंदौखी माेड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। कुछेछा पुलिस तीनों को जिला अस्पताल लाई। श्याम सिंह पाल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के छोटे भाई शिव सिंह ने बताया कि दो साल पहले भाई की शादी हुई थी। वह अपने पीछे पत्नी व एक साल की बेटी को छोड़ गए।