भरुआसुमेरपुर। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम आगरा के प्रबंध निदेशक अमित किशोर ने रविवार को कस्बे के विद्युत वितरण केंद्र 33/11 का औचक निरीक्षण कर 20 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एक साल से ध्वस्त अंडरग्राउंड केबल को दो दिन में बदलाने के निर्देश दिए। कस्बा व ग्रामीण क्षेत्रों को अलग-अलग फीडरों से आपूर्ति करने को कहा। अंडरग्राउंड केबल बदलने में हुई देरी पर उन्होंने उपखंड अधिकारी व अभियान अवर अभियंता को फटकार भी लगाई। उन्होंने कार्य होने के बाद रिपोर्ट मांगी हैं।
प्रबंध निदेशक रविवार दोपहर बाद अचानक कस्बे के विद्युत वितरण केंद्र 33/11 में आ धमके। उन्होंने कंट्रोल रूम, ट्रांसफार्मर आदि का अवलोकन कर अधिकारियों से पूछताछ की। कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कस्बे के अंदर वाली अंडर ग्राउंड केबल एक वर्ष से ध्वस्त पड़ी है। कस्बे की आपूर्ति ग्रामीण क्षेत्रों के फीडरों से हो रही है। जिससे आए दिन आपूर्ति बाधित होती है।
इस शिकायत पर उन्होंने उपखंड अधिकारी आलमगीर अंसारी व अवर अभियंता रवींद्र कुमार साहू को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा दो दिन में केबल बदलकर कस्बा व ग्रामीण क्षेत्रों को अलग फीडर से आपूर्ति दी जाए। उन्होंने केबल बदलने की रिपोर्ट भी प्रस्तुत करने को कहा। कहा, 20 घंटे से कम आपूर्ति किसी भी दशा में नहीं होनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने वसूली आदि की समीक्षा की। जिससे वह काफी हद तक संतुष्ट नजर आए। इस मौके पर अधिशासी अभियंता सुमित व्यास, एसडीओ आलमगीर अंसारी, अवर अभियंता रविंद्र कुमार साहू रहे।