राठ। 15 दिन पहले ट्रांसफार्मर फुंकने से बसेला गांव के 250 घर अंधेरे में डूबे हैं। ग्रामीणों ने अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। गुरुवार को विधायक मनीषा अनुरागी से शीघ्र ही ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की गई है।
प्रधानमंत्री की योजना हर गांव, हर घर को बिजली से रोशन करने की है। वहीं पावर कारपोरेशन को फुंके ट्रांसफार्मर को 48 घंटे के अंदर बदलवाने के आदेश हैं। मगर स्थानीय अधिकारियों की लापरवाही से यह फरमान हवा में है। बसेला में तालाब किनारे 100 एमवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर रखा है। जिससे आधे गांव के घरों को बिजली मिलती है। गांव के रविंद्र महाराज, राकेश पटेरिया, जितेंद्र, रोहित, मानसिंह, हेमराज, मनीष, मुन्ना, रामप्रकाश, कल्लू, रामदेव आदि ने बताया कि 15 दिन पहले तेज आवाज के साथ ट्रांसफार्मर धड़ाम हो गया था।
जिससे करीब 250 घर की बिजली चली गई। बिजली न होने से अंधेरे में गुजर बसर कर रहे हैं। बिजली के उपकरण शोपीस बने हैं। रात में मच्छरों के कारण ग्रामीण सो नही पाते। ग्रामीणों ने बताया ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं है। ग्रामीणों ने गुरुवार को विधायक मनीषा अनुरागी को अवगत कराकर ट्रांसफार्मर बदलवाने की गुहार लगायी है। वहीं जेई अभिनेंद्र सिंह का कहना है कि ट्रांसफार्मर सही करा दिया गया है।