पौथिया (हमीरपुर)। रविवार को बारिश के दौरान आई आंधी ने पावर कारपोरेशन को तगड़ा झटका दिया है। क्षेत्र के दो सबस्टेशनों की लाइनें ध्वस्त होने से बारिश व जलभराव में 19 गांवों की ग्रामीण 72 घंटे से अंधेरे में हैं। ग्रामीण रात का अंधेरा दूर करने के लिए मिट्टी का तेल न होने पर सरसों का तेल जलाकर रोशनी करने को मजबूर हैं। इनमें चार गांवोें में संचालित पेयजल योजनाएं भी बंद हैं।
रविवार को आंधी के साथ बारिश होने से बिजली व्यवस्था ठप हो गई थी। सुमेरपुर के 132 केवी स्टेशन से पौथिया व चंदौखी सबस्टेशनों को आई लाइन के तार टूट गए हैं। सहुरापुर गांव में दो खंभे टूटे हैं तो कलौलीतीर में केबल टूटकर जमीन पर पड़ी है। दो दिन गुजरने के बाद भी पावर कारपोरेशन बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं कर सका है। लाइनमैन ने बताया कुंडौरा के निकट लाइन फाल्ट है। वहीं कई स्थानों पर खंभे टूटने के साथ तार टूटे हैं। इसके चलते पौथिया पावर हाउस से जुड़े पौथिया, सहुरापुर, उजनेड़ी, सिकरी, ललपुरा, स्वासा, कुम्हऊपुर गांव अंधेरे में हैं।
वहीं चंदौखी सबस्टेशन से जुड़े कीरतपुर, कलौलीतीर, सहजना, अमिरता, हेलापुर, चंदुलीतीर, कुछेछा, सूरजपुर, पारा ओझी, चंदौखी, टिकरौली में बिजली नहीं जा रही है। पौथिया के रामलखन ने बताया बैंक के बाहर लगा ट्रांसफार्मर फुंक गया है। सरकार ने मिट्टी का तेल बंद कर दिया है। मजबूरी में सरसों का तेल जलाकर अंधेरा दूर करने को मजबूर हैं। कहा 72 घंटे से बिजली गुल है। पौथिया, कुछेछा, ललपुरा, हेलापुर की पेयजल योजनाएं बंद पड़ी हैं। पावर कारपोरेशन के अधीक्षण अभियंता राजकुमार ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा संबंधित जेई से जानकारी कर बताएंगे।
बारिश के पानी से कई मकान धराशाई
कुरारा। कस्बे के वार्ड सात में रविवार को हुई जोरदार बारिश से एक रिहायशी मकान गिर गया। जिससे घर में रखा सामान नष्ट हो गया। पीड़ित मिलन गुप्ता ने बताया रविवार को हुई बारिश से गृहस्थी वाला कमरा सोमवार सुबह गिर गया। जिससे कमरे के अंदर रखा सामान दब गया। वहीं जखेला गांव में गंगा चरण वर्मा का मकान बरसात में गिरने से पशुओं के लिए रखा भूसा बेकार हो गया। चकोठी में सड़क किनारे सुरेश का मकान ढह गया। बताया सड़क के किनारे बने मकान में कंडे व लकड़ी का नुकसान हुआ है। (संवाद)