सरीला। जलालपुर थानाक्षेत्र के बरहरा गांव में सर्पदंश से बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय पहले स्थानीय वैद्यों से झाड़-फूंक कराते रहे। करीब तीन घंटे बाद उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरीला लाया गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
गांव निवासी धनपत की पत्नी राधा रानी (75) मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे झोपड़ी में रखी बोरी से मवेशियों के लिए खली (चारा) निकाल रही थीं। इसी दौरान बोरी में छिपे सांप ने उनके दाहिने हाथ की दो उंगलियों के बीच डस लिया। बेटे मुन्नालाल ने बताया कि सर्पदंश के बाद परिवार के लोग उन्हें स्थानीय वैद्यों के पास झाड़-फूंक के लिए ले गए। हालत बिगड़ने पर करीब तीन घंटे बाद सीएचसी सरीला पहुंचाया गया जहां डॉ. प्रियांक मिश्र ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक रामाकांत पटेल को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।