- जनगणना कार्मिकों को मकान सूचीकरण और परिवारों की जानकारी दर्ज करना बताया
मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे के आईटीआई कॉलेज में जनगणना कार्मिकों के दूसरे चरण का प्रशिक्षण शुक्रवार को जारी रहा। प्रशिक्षण के दूसरे दिन आठ फील्ड ट्रेनर्स ने 188 कार्मिकों को जनगणना से संबंधित प्रक्रिया और जिम्मेदारियों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण में मकानों की सूची तैयार करने, परिवारों का विवरण दर्ज करने और निर्धारित प्रारूप में सूचनाएं भरने के बारे में बताया गया। फील्ड ट्रेनर्स दीपक, दिलीप, अनुराग, ऋषभ, राघवेंद्र, अमित, राजकुमार (जेई) और राहुल जायसवाल (जेई) ने कार्मिकों को जनगणना के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि सर्वेक्षण के दौरान प्रत्येक मकान और परिवार का विवरण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज करना जरूरी है। सूचनाएं एकत्र करते समय किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने और उपलब्ध जानकारी का सही मिलान करने पर भी जोर दिया गया। प्रशिक्षण में मकानों की पहचान, परिवार के सदस्यों से संबंधित विवरण जुटाने, निर्धारित प्रपत्रों को भरने और आंकड़ों की शुद्धता बनाए रखने जैसे विषयों को समझाया। कार्मिकों को यह भी बताया गया कि क्षेत्र में काम करते समय लोगों से समन्वय बनाकर रखें और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि जनगणना का कार्य व्यवस्थित तरीके से पूरा हो सके। (संवाद)