खडेही में चिंता राजपूत के खेत में त्रिपाल से ढकी उड़द की फसल।
- फोटो : HAMIRPUR
गहरौली। लगातार हो रही बारिश से खरीफ की पक चुकी उड़द, मूंग आदि की फसलें बर्बाद होने के कगार पर हैं। किसानों के तमाम प्रयास के बावजूद खेतों में ही फसलें गिर रही हैं। मौसम खराब होने के चलते मजदूरों और हार्वेस्टर का व्यापार भी ठप हो गया है।
खेतों में मूंग, उड़द, तिल आदि की फसलें पककर तैयार हैं, लेकिन कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण किसान फसल नहीं काट पा रहे हैं। गहरौली, गौरा, हुसैना, इमलिया और खड़ेही गांव में सैकड़ों बीघे खरीफ की फसल बर्बादी की कगार पर है। कटी पड़ी फसल को पन्नी में ढककर किसान बचाने का भरसक प्रयास कर रहे हैं, लेकिन पानी भर जाने के कारण नीचे से फसलें खराब होने लगी हैं।
बारिश के चलते फसल की कटाई करने वाले मजदूरों का कार्य भी ठप है। पंजाब से आए कई हार्वेस्टर भी खड़े हैं। इनका व्यापार भी नहीं चल पा रहा हैं। सबसे खराब दशा बलकट/ठेके पर लेने वाले किसानों की है। किसान चिंता राजपूत ने बताया कि कटी फसल को सोमवार से पन्नी डालकर बचाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन लगातार बारिश से फसल नहीं बचा पा रहे हैं।