- सरकारी काम में बाधा डालने समेत अन्य धाराओं में दर्ज हुई प्राथमिकी
- पुलिस ने कोर्ट में किया पेश, जहां से न्यायिक हिरासत में भेजा जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
गहरौली (हमीरपुर)। मुस्करा थाना क्षेत्र के गहरौली गांव में रविवार रात घरेलू विवाद के दौरान नशे में युवक ने हंगामा किया। पत्नी और मां को पीटने के साथ मौके पर पहुंची डायल-112 पुलिस टीम के सिपाही से भी अभद्रता की और मोबाइल तोड़ने के साथ ही वर्दी फाड़ दी। थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया।
गहरौली गांव निवासी कालीचरन ने रविवार रात करीब 9:30 बजे डायल-112 पर सूचना दी कि उसका पुत्र संतोष नशे की हालत में घर में हंगामा कर रहा है। पत्नी को जान से मारने की धमकी दे रहा है और उसे पीट रहा है। मां को भी पीट दिया है। सूचना पर पीआरबी टीम के आरक्षी प्रदीप साहू और चालक होमगार्ड रामसहारे मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह और उग्र हो गया।
आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की। इसी दौरान आरक्षी की वर्दी फाड़ दी तथा सरकारी सीयूजी मोबाइल तोड़ दिया। आरक्षी प्रदीप साहू की तहरीर पर मुस्करा थाने में आरोपी संतोष पुत्र कालीचरन निवासी गहरौली के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने से लेकर विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है।