मौदहा (हमीरपुर)। गांव में सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर सो रहे चालक के वाहन से चोरों ने करीब 360 लीटर डीजल चोरी कर लिया। सुबह जानकारी होने पर चालक ने कोतवाली में तहरीर दी।
कोतवाली क्षेत्र के नरायच गांव निवासी चालक कैलास बाबू ने बताया कि 25 सितंबर की रात वह ट्रक को गांव में सड़क किनारे खड़ा कर उसके अंदर सो गया था। रात में चोरों ने ट्रक से करीब 360 लीटर डीजल चोरी कर लिया। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि डीजल चोरी की शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।