फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur News: फोन न करें... पहले बिजली ठीक करवाओ, तब मिलेगा पानी

विज्ञापन
फोटो 11 एचएएमपी 13- गहरौली में पेयजल के वाट्सएप ग्रुप का संदेश। सोशल मीडिया
विज्ञापन
गहरौली (हमीरपुर)। करीब 20 हजार की आबादी वाले गहरौली गांव में पिछले 19 दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप है जिससे ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। वहीं जिम्मेदार विभागों का रवैया हैरान करने वाला है। पेयजल संकट से जूझ रहे ग्रामीणों को राहत देने के बजाय विभाग के कर्मचारी ग्रुप में संदेश डालकर कह रहे हैं कि पानी के लिए फोन न करें, पहले बिजली ठीक करवाओ, तब मिलेगा पानी। वहीं दोनों विभागों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का खेल जारी है लेकिन लोगों की प्यास बुझाने की जिम्मेदारी लेने को कोई तैयार नहीं है।
विज्ञापन

गांव में बीते 23 अक्तूबर से जलापूर्ति ठप है। हाईटेक सिस्टम लगाने के नाम पर पहले एक सप्ताह तक पानी की आपूर्ति नहीं हुई। इसके बाद पिछले 12-13 दिनों से बिजली और लो-वोल्टेज का हवाला देकर पानी की सप्लाई बंद पड़ी है। एक बड़ी आबादी पानी के लिए हैंडपंप और सबमर्सिबल के भरोसे है। महिलाओं और बच्चों को दूर-दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि टंकी की मेन लाइन में काम के दौरान पाइप की कटिंग और वेल्डिंग ठीक से नहीं की गई। इससे पाइप में लीकेज हो गया। फोर्स से पानी छोड़े जाने पर हजारों लीटर पानी बर्बाद हो जाता है। वहीं पिछले 19 दिनों से जलापूर्ति बंद होनेे से पानी के लिए परेशान हो रहे हैं।

बिजली विभाग ने खारिज की लो वोल्टेज की बात
टंकी ऑपरेटर मुन्ना लाल ने बताया कि पिछले एक सप्ताह तक सिस्टम लगने के दाैरान परेशानी रही। पिछले 12 दिनों से बिजली केवल तीन-चार घंटे मिल रही है। इस दाैरान भी लो-वोल्टेज के कारण मोटर नहीं चल पाती है। वहीं बिजली विभाग के अवर अभियंता अवधेश कुमार ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पर्याप्त वोल्टेज मिल रहा है और सभी नलकूप चल रहे हैं। पेयजल योजना के कर्मचारी जबरन बिजली का बहाना बनाकर ग्रामीणों और अपने अधिकारियों को गुमराह कर रहे हैं।
विज्ञापन


ग्रामीण देवांश द्विवेदी ने बताया कि जिन स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, वहां जनरेटर की व्यवस्था कर जलापूर्ति कराई जानी चाहिए लेकिन यहां जिम्मेदार अधिकारी फोन तक उठाना मुनासिब नहीं समझ रहे। ग्रुप में संदेश डालकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं।
गहरौली निवासी राम देवी ने बताया कि नल की टोटियों में बीते लगभग 19 दिनों से एक बूंद पानी नहीं मिला है। शिकायत करने पर बिजली का बहाना बनाया जाता है। पानी की व्यवस्था करने में ही सारा दिन निकल जाता है। जल्द ही जलापूर्ति बहाल कराई जाए।

यह मामला संज्ञान में अभी आया है। इसकी जांच कराकर समस्या का समाधान प्राथमिकता के साथ कराया जाएगा। -रमेशचंद्र गौतम, अधिशासी अभियंता विद्युत राठ।

पानी न मिलने पर ग्रामीणों ने किया धूल से स्नान
मौदहा (हमीरपुर)। साढ़े पांच लाख खर्च होने के बावजूद इचौली व नायकपुरवा गांव के ग्रामीण बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं। करीब एक सप्ताह से पेयजल आपूर्ति ठप है। बुधवार को ग्रामीणों ने धूल से स्नान कर विरोध जताया। समस्या के समाधान न होने पर प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी है।
गांव के सौरभ मिश्रा ने बताया कि नमामि गंगे परियोजना के तहत साढ़े पांच करोड़ रुपये खर्च किए गए फिर भी ग्रामीण पानी के लिए तरस रहे हैं। कभी एक दिन के अंतराल पर पानी मिलता है तो कभी कई-कई दिनों तक नलों में एक बूंद भी नहीं टपकता है। गांव के विवेक पाल ने कहा कि गांव में पेयजल योजना होने के बाद भी ग्रामीणों को पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि दिवाली के तीन दिन पहले जलापूर्ति ठप हो गई थी। बिना पानी के ही त्योहार निकल गया। बुधवार को ऋषि तिवारी, रामबहादुर रैकवार, मोनू बाजपेयी, राजाराम रैकवार, अवधेश कुमार आदि ग्रामीणों ने धूल से स्नान कर विरोध जताया। बताया कि मंगलवार को जल सत्याग्रह किया था। ग्रामीणों की समस्या का अधिकारियों पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। (संवाद)

यह पुरानी पेयजल योजना है। एक नलकूप की मोटर आज ही रात में डाली जा रही है। शेष दो मोटरों को बृहस्पतिवार तक डाले जाने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों को पेयजल के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। युद्धस्तर पर कार्य जारी हैं। -विजय सिंह, एडीएम नमामि गंगे

फोटो 11 एचएएमपी 13- गहरौली में पेयजल के वाट्सएप ग्रुप का संदेश। सोशल मीडिया

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें