हमीरपुर। जिला अस्पताल स्थित ऑक्सीजन प्लांट का हौज पाइप फटने से आपूर्ति ठप है। मरीजाें को सिलिंडर व कंसनट्रेटर के माध्यम से ऑक्सीजन दी जा रही है। अस्पताल प्रशासन ने जल्द ही इसे दुरुस्त करने का दावा किया है।
कोरोना काल के दौरान हुए ऑक्सीजन के संकट को दूर करने लिए शासन के निर्देश पर अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए गए। जिले में जिला पुरुष, महिला अस्पताल, मौदहा व नौरंगा स्थित सीएचसी समेत अन्य अस्पताल इस पर निर्भर हैं। जिला पुरुष अस्पताल में 250 एलडीएम क्षमता का प्लांट स्थापित किया गया।
साथ ही बेडों में इसकी आपूर्ति की व्यवस्था कराई गई। यह प्लांट बीते बृहस्पतिवार से ठप पड़ा है। इसके कारण अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को सिलिंडरों व कंसनट्रेटर से आपूर्ति की जा रही है।
जिला अस्पताल के मैनेजर विवेक राजधर ने बताया कि किसी पार्ट में खराबी आने से प्लांट काम नहीं कर रहा। इसे जल्द दुरुस्त कराया जाएगा। कहा कि डिमांड लखनऊ भेज दी गई थी। सोमवार को पार्ट आ जाएगा और प्लांट संचालित करा लिया जाएगा।