परसनी गांव में मृतक के परिजनों से जानकारी लेते एसपी कमलेश दीक्षित।
- फोटो : HAMIRPUR
पौथिया (हमीरपुर)। अछपुरा गांव में विरोधी की तलाश में उसके घर पहुंचे दबंगों ने मौके पर मौजूद राजमिस्त्री पर ही हमला कर दिया। उसे लाठी-डंडों व हॉकी से मारपीट कर घायल कर दिया। कानपुर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पुत्र ने गुरुवार को मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार दीक्षित ने राजमिस्त्री की मौत पर हत्या की धाराएं बढ़ाने के साथ हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए हैं।
थाना ललपुरा के परसनी गांव निवासी मुन्ना (45) राजमिस्त्री हैं। मृतक के पुत्र मनीष ने बताया कि उसके पिता पड़ोसी गांव अछपुरा के गोलू चौबे का ठेके पर मकान बना रहे थे। आरोप लगाया कि गुरुवार दोपहर गोलू चौबे के विरोधी लोग प्रधान, उनका भाई राघवेंद्र सिंह उर्फ रग्घू, श्रीराम पाल, सालिगराम पाल, हरीशंकर पाल सहित दो अज्ञात लोगों ने हमला कर हवाई फायरिंग की। मौके पर गोलू के न मिलने पर उसके पिता मुन्ना पर लाठी-डंडों व हॉकी से हमला कर दिया। वह पिता को जिला अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया। हैलट में शुक्रवार की सुबह उनकी मौत हो गई।
मनीष का आरोप है कि पुलिस ने गुरुवार की देर रात उससे अपनी मनमुताबिक घटना की तहरीर ले ली थी। जिसके आधार पर राघवेंद्र उर्फ रग्घू, श्रीराम पाल और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला करने व मारपीट करने आदि धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली। जबकि इसमें प्रधान सहित कुछ और लोगों को शामिल भी नहीं किया गया। मनीष ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है। उधर कानपुर में मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतका के तीन पुत्र व तीन पुत्रियां हैं। इस मामले में देर शाम पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार दीक्षित परसनी गांव पहुंच परिजनों से मिले। उन्होंने मुकदमे में धाराएं बढ़ाने के साथ आरोपियों की गिरफ्तारी को टीम गठित की है। कहा विवेचना में जो भी नाम आएंगे उन्हें शामिल कराया जाएगा।