मौदहा। बब्बू सिंह महाविद्यालय खन्ना में मंगलवार से हरिद्वार से आए संत विजय कौशल जी महाराज श्रीराम कथा सुनाएंगे। कथा के शुभारंभ के पहले कस्बा स्थित बड़ी देवी मंदिर से सोमवार को श्रीराम दरबार की झांकी के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महिलाएं पीले वस्त्र धारण कर शामिल हुईं। शोभायात्रा का जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
श्रीराम कथा के उपलक्ष्य में निकाली गई शोभायात्रा मुख्य मार्गों से होते हुए बब्बू सिंह महाविद्यालय खन्ना में समाप्त हुई। देवी-देवताओं की वेश भूषा में बच्चे और अयोध्या में बन रहे श्रीराम मंदिर का मॉडल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। यह आयोजन महोबा के खन्ना निवासी भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिव शंकर सिंह व बिलंदर बाबा ट्रस्ट की ओर से हो रहा है।