थाना क्षेत्र के बिहूनीखुर्द गांव में पुरानी रंजिश व एक दिन पहले ही बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर दबंगों ने युवक को चारपाई से बांध लाठियाें से पीटा, कुल्हाड़ी से भी कई वार किए। पुलिस के साथ पहुंचे परिजनों युवक को मुक्त कराया। सीएचसी से रेफर किए जाने पर युवक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मंगलवार रात हुई इस घटना में पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बिहूनीखुर्द गांव निवासी कमल कुमार (40) के भाई अरविंद कुमार तिवारी ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भाई रात को घर से गांव की ओर जा रहा था, तभी गांव के ही स्वतंत्र राजपूत, रामकृपाल राजपूत, वीरेंद्र कुमार, करन सिंह, चतुर सिंह व लखन राजपूत ने लाठी-डंडों से उसे पीटा और कुल्हाड़ी से कई जगह वार किए। इसके बाद घसीटते हुए अपने साथ ले गए। जैसे ही इसकी जानकारी मिली, यूपी 100 को सूचना दी गई। पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो दबंग भाग निकले।
अरविंद के मुताबिक कमल चारपाई से बंधा पड़ा था। उसको छुड़वाकर मुस्करा सीएचसी लाया गया, जहां से डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल ले जाते समय कमल ने रास्ते में दम तोड़ दिया। कमल की पत्नी पिंकी ने बताया कि हमलावरों ने सोमवार को घर में घुसकर बड़ी पुत्री के साथ छेड़खानी की थी। शोर मचाने पर वे भाग गए थे। मुस्करा एसओ अशोक कुमार सिंह ने मरने से पूर्व कमल के बयान भी दर्ज किए। एसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि सभी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें बनाई गई हैं। उन्होंने बताया कि कमल करीब चार महीने पूर्व हत्या के प्रयास के एक मामले में जेल से जमानत पर बाहर आया था।