ग्राहक सेवा केंद्र में पासबुक मांगने पर संचालक ने मारापीट कर दी। इससे ग्राहक की आंख में गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर यूपी 100 टीम पहुंची और दोनों को थाने ले आई। भारतीय स्टेट बैंक ने देवगांव रोड स्थित विध्वासिनी मंदिर के निकट ग्राहक सेवा केंद्र खोल रखा है। इसके संचालन का जिम्मा पारा रैपुरा गांव निवासी संतराम प्रजापति के पास है।
संतराम ने गांव के ही सुखलाल प्रजापति को संचालन सौंप रखा है। शनिवार को गोश्त मंडी निवासी रविकांत पासबुक लेने आया। इस पर सुखलाल ने बैंक बंद होने की बात कहकर उसे टरकाना चाहा। पासबुक लेने के चक्कर में दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि सुखलाल ने रविकांत से मारपीट की। राहगीर देवलाल की सूचना पर पहुंची यूपी 100 टीम ग्राहक व सुखलाल को थाने ले आई।
भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक अवधेश कुमार गुप्ता ने बताया कि मारपीट की खबर मिली है। ग्राहक अगर शिकायत दर्ज करवाता है तो बैंक मित्र के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैंक का नियम ग्राहक को सुविधा देना है। उधर पीड़ित ने थानाध्यक्ष से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।