थानाक्षेत्र के इंगोहटा गांव में चार दिन पूर्व घर में मृत पाई गई दलित विधवा के मामले में गांव के ही एक सपा नेता सहित पांच लोगों पर जमीन पर कब्जा करने की नियत से हत्या करने का आरोप लगाया है। पीड़ित पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने सपा नेता समेत एक व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है। बीते 18
जनवरी को इंगोहटा निवासी विधवा रामजानकी (45) पत्नी स्व. सुंदरलाल कोरी घर पर संदिग्ध हालात में मृत मिली थी। पुलिस ने 20 जनवरी को शव का पोस्टमार्टम कराया था। अंतिम संस्कार से निपटने के बाद मृतका के बड़े पुत्र धनुष कुमार ने थानाध्यक्ष को तहरीर देकर गांव के सपा नेता बीडी प्रजापति,
सोम निगम, सौरभ निगम पुत्र अशोक निगम, सुनील कोरी व सत्तीदीन कोरी पर जमीन कब्जाने के लिए मां की हत्या का आरोप लगाया है। जिसके बाद पुलिस ने तहरीर में नामजद सपा नेता बीडी प्रजापति व सोम निगम को हिरासत में ले लिया है। मृतका के पुत्र ने बताया कि 17 जनवरी को अपने भाई
उमरी निवासी कारेलाल को भी उसने बताया था कि आरोपी जमीन का बैनामा करने का दबाव बना रहे हैं। बैनामा न करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष विनय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दो
लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। सपा नेता बीडी प्रजापति व सोम निगम ने बताया कि इस घटना से उन लोगों का कोई लेना देना नहीं है। उन्हें रंजिशन फंसाया जा रहा है। जमीन से संबंधित उन लोगों की मृतका से कोई बात नहीं हुई।