मुस्करा में दुर्घटना के बाद नाले में घुसा ट्रक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
किराना व्यवसायी, उनके चचेरे भाई और नौकर को शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने राैंद डाला। व्यवसायी किसी शादी समारोह से लौटे थे और अपने घर के सामने ही खड़े थे। उनकी मौके पर मौत हो गई। गंभीर हालत में कानपुर ले जाए जा रहे चचेरे भाई ने रास्ते में दम तोड़ दिया। नौकर का इलाज कानपुर में चल रहा है। आक्रोशित परिजनों और व्यापारियों ने स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर राठ-हमीरपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम मौदहा मोहम्मद रिजवान ने जिलाधिकारी से बात कर मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये दिलाने का भरोसा दिलाया। तब कहीं जाकर दो घंटे बाद जाम खुल सका।
कस्बा निवासी किराना व्यापारी उमाशंकर गुप्ता (42) पुत्र मोतीलाल अपने चचेरे भाई मप्र के हरपालपुर निवासी अश्वनी गुप्ता (28) व दुकान के कर्मचारी राधे प्रजापति, महेंद्र गुप्ता और कृपाशंकर गुप्ता के साथ निजी वाहन से गुरुवार शाम कुरारा एक शादी समारोह में गए थे। वापस लौटकर वह शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे लौटे। वह अपने मकान के सामने खडे़ थे, कर्मचारी राधे प्रजापति मकान का ताला खोल रहा था कि इसी बीच हमीरपुर की ओर से तेज रफ्तार आ रहा ट्रक इन दोनाें के साथ अश्वनी को राैंदते हुए निकल गया। ट्रक टेलीफोन के खंभे को तोड़ते हुए रमेश गुप्ता व चेतराम गुप्ता की दुकानों को क्षतिग्रस्त करते हुए नाले जाकर फंस गया।
उमाशंकर की मौके पर ही मौत हो गई। अश्वनी व राधे को सीएचसी ले जाया गया। जहां से सदर अस्पताल और फिर कानपुर रेफर कर दिया गया। रास्ते में अश्वनी ने दम तोड़ दिया। राधे का कानपुर में इलाज चल रहा है। ट्रक चालक व खलासी ट्रक को छोड़ कर भाग निकले। आक्रोशित परिजनों ग्रामीणों व व्यापारियों ने राठ-हमीरपुर मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और मुआवजे की मांग को लेकर सुबह छह बजे से जाम लगा दिया। सीओ राठ योगेश कुमार, सीओ मौदहा आरएन सिंह, एसडीएम मौदहा मोहम्मद रिजवान भी पहुंचे। इन्होंने आक्रोशित लोगों को शांत कराते हुए जिलाधिकारी से मोबाइल पर वार्ता कर मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये दिलाने की घोषणा की। तब कहीं जाकर जाम खुल सका। मृतक के पुत्र राजकुमार गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी थानाध्यक्ष पंकज सिंह ने बताया कि अश्वनी की मौत हो चुकी है।