सीआईए-तीन पुलिस ने रोहतक रोड सिवाह बाईपास के पास बंद पड़ी फैक्ट्री में नकली शराब तैयार करने का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी भी दबोचा है। पुलिस ने फैक्ट्री से 330 लीटर नकली शराब और 990 लीटर स्प्रिट बरामद की है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ही है। पुलिस को इस मामले में अन्य लोगों के शामिल होने का अंदेशा है। गिरफ्तारी आरोपी के खिलाफ थाना चांदनी बाग में केस दर्ज किया गया है। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा।
सीआईए-तीन प्रभारी सब इंस्पेक्टर छबील सिंह ने बताया कि शुक्रवार दोपहर बाद उन्हें सूचना मिली कि रोहतक रोड सिवाह बाईपास के पास बंद पड़ी जेडी फैक्ट्री में अवैध रूप से नकली शराब तैयार कर सप्लाई की जा रही है। इस पर उन्होंने अपनी टीम के साथ फैक्ट्री में छापा मारा। पुलिस ने वहां गिरफ्तार किए आरोपी की पहचान राजीव कॉलोनी, घरौंडा, करनाल निवासी प्रवीन के रूप में की। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी ने नकली शराब बनाने की बात कबूल की है।
यूपी में करता है सप्लाई
पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने फैक्ट्री में नकली शराब बनाने की बात कबूल की है। उसने बताया कि उसने कुछ समय पहले ही बंद पड़ी फैक्ट्री को डाई हाउस का कार्य करने के लिए किराए पर लिया था। फैक्ट्री में नकली शराब तैयार कर यूपी में सप्लाई किया जाता था।
रोहतक रोड सिवाह बाईपास के पास बंद पड़ी फैक्ट्री में नकली शराब बनाने की सूचना मिली थी। बंद पड़ी फैक्ट्री में छापा मारकर एक आरोपी को काबू किया है। फैक्ट्री से 330 लीटर नकली शराब व 990 लीटर स्पिरिट बरामद किया है। आरोपी ने नकली शराब बनाने की बात कबूली है। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा। ताकि धंधे में शामिल अन्य आरोपियों का भी पता लगाया जा सके।
छबील सिंह, प्रभारी, सीआईए-तीन, पानीपत।