भरुआसुमेरपुर में ट्रक की टक्कर से एक बाइक सवार की कुचलकर मौत हो गई।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। उधर, मौदहा हाइवे में
सोमवार रात दो अलग-अलग मार्ग दुर्घटनाएं हुई। एक दुर्घटना
में ट्रक की टक्कर से डंफर पलटने पर खलासी की मौत हो गई। दूसरे हादसे में
चार लोग घायल हो गए।
थाना जरिया के परछा गांव निवासी राजेश वर्मा (35)
अपनी रिश्तेदारी में अरतरा गांव, मौदहा में 3 जून को होने वाले शादी समारोह
में शामिल होने आया था।
मंगलवार को वह एक रिश्तेदार के साथ इंगोहटा बस
स्टैंड पर रिश्तेदारों को लेने बाइक से आ रहा था। लेकिन रिश्तेदार अधिक
होने पर उसने उन्हें आपे में बैठा दिया और वह बाइक से चलने लगा। करीब 6 बजे
जैसे ही अरतरा मोड़ के निकट उसने बाइक की रफ्तार बढ़ा एक ट्रक को ओवरटेक
किया तभी कबरई की ओर से आ रहे एक ट्रक ने उसे कुचल दिया।
जिससे उसकी मौके
पर ही मौत हो गई। इंगोहटा पुलिस चौकी के सिपाहियों ने शव को कब्जे में लेकर
पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अचानक हुई इस दुर्घटना से मृतक के
परिवारीजनों व अरतरा के रिश्तेदारों में कोहराम मच गया।
उधर,
घाटमपुर से कबरई गिट्टी लेने जा रहा एक डंफर रीवन गांव के निकट गहबरा चौकी
के होटल के पास रुका। चालक गाड़ी से उतरकर होटल में चला गया और खलासी
राहुल (20) पुत्र ओमबाबू निवासी पतारा, कानपुर डंफर के ऊपर छत में लेटकर सो
गया। तभी तड़के चार बजे कबरई की ओर जा रहे एक ट्रक ने डंफर में सीधी
टक्कर मार दी।
जिससे डंफर सड़क से नीचे गड्ढे में गिर गया और उसके ऊपर सो
रहे खलासी की नीचे दबकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे
में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर मकरांव गांव के निकट बीती देर
रात दो बाइकों की भिड़ंत होने के बाद एक ग्रामीण चपेट में आ गया। भिड़ंत के
बाद एक बाइक आगे जा रहे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में चार लोग घायल हो
गए।