राठ-सरीला मार्ग पर आरटीओ बनकर अवैध उगाही कर रहे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से सपा के स्टीकर लगी एक अल्टो कार भी बरामद की। एक दर्जन से अधिक वाहन चालकों ने पुलिस को तहरीर देकर दोनों युवकों पर अवैध उगाही करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हैं।
गुरुवार दोपहर अल्टो कार सवार दो युवकों ने राठ सरीला मार्ग पर चलने वाली मैजिक व टैक्सी को रोक खुद को आरटीओ बता कागजात चेक किए। जिनके कागजातों में कमी दिखी उन वाहनों को सीज करने की धमकी देकर अवैध वसूली में जुटे रहे। इसके बाद दोनों कार सवार युवक कस्बे के बस स्टैंड में पहुंच गए और सवारी वाहनों से भी वसूली करने लगे।
इसी बीच वाहन चालकों ने इसकी सूचना चौकी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे चौकी प्रभारी राजा दुबे व सिपाही बृजेंद्र सिंह ने पूछताछ की तो वे रौब दिखाने लगे। शक होने पर पुलिस उन्हें चौकी ले आई।
चौकी प्रभारी राजा दुबे ने बताया कि दोनों युवक शराब के नशे में धुत हैं। एक ने अपना नाम नीलेश निवासी राजेंद्र नगर उरई तथा दूसरे ने चंद्रपाल निवासी सरगांव जालौन बताया है। उनके पास से अल्टो कार गुजरात प्रदेश के नंबर वाली बरामद हुई है। दोनों का डाक्टरी परीक्षण कर कार सहित जरिया थाने भेज दिया गया है।
इस मामले में अवैध उगाही का शिकार हुए वाहन चालक प्रमोद, सूरज, अलखराम, विश्वनाथ, दद्दा, मुकेश विश्वकर्मा, राजू, धर्मेंद्र, नरेंद्र आदि ने पुलिस चौकी में दोनों युवकों पर फर्जी आरटीओ बनकर अवैध उगाही करने का आरोप लगाकर तहरीर दी और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की हैं।
कार के पीछे सपा का एक स्टीकर लगा है। थानाध्यक्ष अमर सिंह यादव ने बताया कि पूरे मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।