राठ में पुलिस हिरासत में आरोपी लुटेरे।
- फोटो : अमर उजाला
कस्बे में पिछले चार दिन पूर्व हमीरपुर रोड पर साईं मंदिर में पुजारी के साथ हुई लूटपाट की घटना का पर्दाफाश पुलिस ने किया है। पुलिस ने तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर उनसे दो तमंचे, बाइक व रुपये बरामद कर आरोपियों को जेल भेजा है। मंगलवार दोपहर बिहूनी गांव के पुजारी साकेत महाराज मंदिर में विश्राम कर रहे थे कि उसी दौरान तीन युवक पल्सर बाइक लेकर आए और दर्शन करने के बहाने मंदिर के अंदर गए थे। ये वहां से कुछ देर में चले गए और फिर लौटे।
पुजारी को बंधक बनाकर जमकर मारापीटा था और पुजारी के कमरे में रखे 20 हजार रुपये लूट कर ले गए थे। इसकी रिपोर्ट पुजारी ने दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक ने दो दिन पहले 72 घंटे के अंदर घटना का पर्दाफाश के निर्देश दिए थे। शनिवार सुबह कोतवाल घनश्याम पांडे और उनकी टीम ने तीनों लुटेरों को तमंचा, बाइक और रुपये सहित गिरफ्तार कर लिया।
सीओ विवेकानंद तिवारी ने बताया कि सुबह छह बजे मुखबिर की सूचना पर साइँं मंदिर के पास खडे़ तीनों लुटेरों को बाइक के साथ पकड़ लिया। सीओ ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले जीतू उर्फ जीतेंद्र पुत्र प्रेमनारायन निवासी नदना, सुल्तान मेहतर पुत्र अमरचंद्र निवासी कछवाकला हाल मुकाम औंता और कल्लू पुत्र लालचंद्र निवासी करगवां हैं। कोतवाल ने बताया कि जीतू और सुल्तान के पास से एक-एक तमंचा 315 बोर और दो-दो कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने सिर्फ 8600 रुपये बरामद किए है। एसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने लूट का पर्दाफाश करने वाली पुलिस टीम को दो हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।