कोतवाली परिसर में नारेबाजी करते सफाई कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यालय के सुभाष बाजार सब्जी मंडी परिसर में लगे कूडे़ के ढेर को उठा रहे सफाईकर्मियों को आधा दर्जन लोगों ने हमलाकर मारापीटा। घटना से नाराज सफाईकर्मियों ने कोतवाली का घेराव कर हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। मुकदमा दर्ज होने पर उनका गुस्सा शांत हुआ।
सफाई कर्मचारी राहुल, सूरज, आनंद, सनी, छेदीलाल, गोलू व विकास ने बताया कि वह लोग नगर पालिका में ठेके पर सफाई का कार्य करते हैं। गुरुवार दोपहर वह लोग सुभाष बाजार स्थित सब्जी मंडी में पडे़ कूड़े के ढेर को उठाकर ट्रैक्टर-ट्राली में भर रहे थे।
तभी पग्गा, कौशल, कल्लू पुत्र स्व.बदलू खटिक, टिंकू, जसवंत, बदलू का भांजा भग्गूलाल और प्रवीण खटिक का साला आया। आरोप लगाया कि काम करते समय हम लोगों पर हमला बोल दिया और लात घूसों से पिटाई करने लगे। ट्रैक्टर चालक भारत प्रजापति, संतोष तिवारी व रमेश शुक्ला ने बीचबचाव कर शोर मचाया तो हमलावर जानमाल की धमकी देते हुए भाग निकले। मारपीट की जानकारी होने पर आधा सैकड़ा सफाई कर्मियों ने कोतवाली का घेराव कर हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
इस मौके पर अधिशाषी अधिकारी बीपी यादव व नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि कुलदीप निषाद भी सफाई कर्मचारियों के साथ कोतवाली में मौजूद रहे। एसएसआई चंचल यादव ने सफाई कर्मियों को समझा बुझाकर शांत कराया। कोतवाल अनूप कुमार ने बताया कि सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।