गांधी विद्यालय मार्ग, मौदहा में आधार कार्ड का बायोमेट्रिक कर रहे
फ्रेंचाइजी के कर्मचारियों ने जब 25 से 50 रुपये वसूलने शुरू किए तो लोगों
ने हंगामा करना शुरू कर किया। एसडीएम जांच को पहुंचे तो कार्ड बनाने वाले
भाग निकले।
आधार कार्ड के लिए पिछले वर्ष भी शिविर लगवाए गए। जिनमें कुछ के ही आधार कार्ड बन सके । अब भारत सरकार ने इसके लिए फ्रेंचाइजी नियुक्त कर दिए है। जिनके लिए सरकार ने प्रत्येक कार्ड पर 22 रुपये कमीशन निर्धारित किया है।
शनिवार को गांधी विद्यालय स्थित एक मकान में आधार कार्ड बनाने के लिए बैनर लगाया गया। जिसमें लिखा था कि सीएचसी लखनऊ की संस्था द्वारा आधार कार्ड बनाए जा रहे है। इस पर भीड़ एकत्र होने लगी।
25 से 50 रुपये में इसके फार्म दिए जाने लगे और आधार कार्ड बनने का सिलसिला भी शुरू हुआ। लेकिन पैसा लिए जाने पर लोगों ने आपत्ति की और हंगामा करने लगे। इसकी सूचना एसडीएम तक पहुंच गई।
एसडीएम रामयश गौतम मौके पर पहुंचे। लेकिन जिसने पैसे लेने का एक कंपनी के लोगों पर आरोप लगाया था वह कंपनी कर्मी पैसा लेता नहीं पाया गया। बताया गया कि बाहर कुछ युवक फार्म बेच रहे है।
अपर जिलाधिकारी डा.राजेश कुमार प्रजापति ने बताया कि आधार कार्ड पूरी तरह नि:शुल्क बनाए जाने है। इसमें एक भी धेला किसी से नही लिया जा सकता। यदि कोई ऐसा करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।