सरस्वती प्रतिभा खोज परीक्षा में भरुआसुमेरपुर कस्बे के ठड़ेश्वरी सरस्वती
विद्या मंदिर की छात्रा साक्षी ने कानपुर प्रांत में प्रथम स्थान पाकर
विद्यालय व कसबे का नाम रोशन किया है। मंगलवार को विद्यालय में आयोजित
सम्मान समारोह में छात्रा को पुरस्कृत किया गया।
जन शिक्षा समिति ने
मेधावियों की पहचान के लिए सरस्वती प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन बीते
दिनों किया था। इसमें कानपुर प्रांत के 14 जनपदों की परीक्षा कराई गई।
जिसमें ठड़ेश्वरी सरस्वती विद्या मंदिर की छात्रा साक्षी श्रीवास्तव ने
प्रथम स्थान प्राप्त किया।
मंगलवार को छात्रा साक्षी को ठड़ेश्वरी आश्रम के
व्यवस्थापक स्वामी नित्यानंद महाराज ने अंकपत्र व स्मृति चिह्न देकर
पुरस्कृत किया। उन्होंने छात्रों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देने के साथ ही
छात्रों को संवारने में आचार्योें के योगदान को सराहनीय बताया। विद्यालय के
सह प्रबंधक गणेश सिंह विद्यार्थी ने कहा कि परिश्रम करने वालों की कभी हार
नहीं होती है।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के बुंदेलखंड अध्यक्ष एम खान ने
कहा कि सफलता न पाने वाले छात्रों को निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि और अधिक
मेहनत के साथ तैयारी करना चाहिए। छात्रा के पिता महेशचंद्र एडवोकेट, मां
अमिता श्रीवास्तव सहित अध्यापक आदि मौजूद रहे। संचालन रामनारायन आचार्य व
आभार प्रधानाचार्य राजेश शुक्ला ने किया।