5 शीतलपुर गांव के बाहर मौरंग भरे ट्रैक्टर ट्राली के पास खड़ी पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
तमाम सख्ती के बावजूद बेतवा नदी से चोरी छिपे मौरंग की निकासी जारी है। रविवार को यूपी 100 टीम ने शीतलपुर गांव के पास एक ट्रैक्टर-ट्राली को अवैध मौरंग ले जाते पकड़ लिया। टीम ने ट्रैक्टर को कोतवाली में खड़ा करा दिया है। जनपद में खनन का कार्य पूर्ण रूप से बंद है। लेकिन खनन माफिया अवैध मौरंग खनन में चोरी छिपे करने में जुटे हैं।
शीतलपुर गांव से किसी ने यूपी100 को फोनकर सूचना दी कि गांव किनारे बेतवा नदी से अवैध रूप से ट्रैक्टरों में मौरंग का खनन किया जा रहा है। जिस पर यूपी 100 की टीम गांव पहुंची तो उसने बेतवा नदी वाले रास्ते में मौरंग से लदा महिद्रा ट्रैक्टर को पकड़ लिया। टीम के प्रभारी एसआई अमरपति तिवारी ने बताया कि सूचना पर वह शीतलपुर गांव पहुंचे।
जहां उन्हें नदी वाले रास्ते में अवैध मौरंग से भरा एक ट्रैक्टर मिला। बताया कि चालक ट्रैक्टर को छोड़कर भाग गया। कोतवाल प्रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर मालिक का पता लगाया जा रहा है। उसके खिलाफ खनिज अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।