राठ। सहकारी समितियों के कर्मचारियों की उदासीनता के चलते किसान खाद के लिए
भटक रहा है। कर्मचारी समितियों में ताला बंद कर गायब हो जाते हैं।
शुक्रवार को कुल्हैंडा साधन सहकारी समिति बसेला केंद्र पर सचिव के नदारद
होने पर सैकड़ों किसानों ने जमकर हंगामा काटा। आरोप लगाया कि चिव रात में
खाद का वितरण करता है और किसानों से मनमाने दाम वसूलता है। कड़कडाती ठंड
में किसान खाद के लिए समिति के चक्कर काट रहे हैं।
गौरतलब है कि खाद का
संकट अभी पूरी तरह से खत्म नहीं हुआ है। बारिश होने के बाद अब किसानों को
खाद की सख्त जरूरत आ पड़ी है। यूरिया खाद के लिए किसान समितियों के चक्कर
काट रहा है।
शुक्रवार को कुल्हैंडा साधन सहकारी समिति में सचिव के नदारद
होने पर किसानों ने समिति के सामने जमकर हंगामा काटा। समिति में यूरिया खाद
लेने आए किसान रामसहोदर, चेतराम, चंद्रपाल, अजय सिंह, बहादुर, जनक सिंह,
प्रहलाद, सोनू आदि ने सचिव पर आरोप लगाया कि सचिव रामप्रकाश रात के समय
किसानों को खाद का वितरण करता है।
बताया कि रात में किसानों से 334 रुपये
प्रति बोरी की जगह 380 रुपये वसूलता है। इस संबंध में जब सचिव से वार्ता
करने का प्रयास किया गया तो उनका मोबाइल बंद था।