राठ कस्बे में घर से दुकान जा रहे एक सराफा व्यवसाई को कुछ लोगों ने पकड़ कर जमकर मारापीटा। आरोप है कि युवक उसे पकड़ कर एक अज्ञात स्थान पर ले गए और मारपीट कर गहनों से भरा झोला लूट लिया। सराफ ने पांच को नामजद कर 15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सराफा व्यवसाई के साथ हुई लूट की घटना से आक्रोशित सराफा व्यवसायियों ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया और अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए। मामले को संवेदनशीलता को देखते हुए कई थानों की पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है।
कस्बे के बुधौलियाना मोहल्ला निवासी बीरेंद्र सोनी पुत्र देवकीनंदन सोनी ने बताया कि शनिवार सुबह करीब साढे़ दस बजे वह अपनी दुकान पर बाइक से जा रहा था। बताया कि पुराने जीआरवी के पास पहुंचने पर हातिम किराना की दुकान के पास पहुंचते ही पहले से घात लगाए खडे़ आबिद, रफतबेग, राजू आदि ने रोक लिया और बिना बात जमकर मारापीटा।
आरोप लगाया कि फिर युवक उसे बाइक में बैठाकर कांशीराम कालोनी के पास स्यावरी रोड पर ले गए। बताया कि वहां पहले से ही खडे़ अखिलेश और उमेश ने राइफल की बटों से जमकर मारापीटा। बीरेंद्र ने बताया कि आरोपियों ने उसका 600 ग्राम सोने के गहने भरा झोला लूट लिया और भाग गए।
घायल बीरेंद्र ने इसके बाद परिजनों व साथी व्यवसायियों को घटना की जानकारी दी और अस्पताल पहुंच गया। वहां पर पुलिस की मौजूद परिजनों व व्यवसायियों से जमकर तू-तू मैं-मैं हुई। इसके बाद पहुंचे उपजिलाधिकारी मुहम्मद रिजवान, सीओ सरीला योगेद्र कुमार, कोतवाली प्रभारी जगदेव प्रसाद यादव ने किसी तरह समझा बुझा कर लोगों को शांत कराया।
वहीं घटना से आक्रोशित सराफा व्यवसायियों ने अपने प्रतिष्ठिान बंद कर दिए। कस्बे में व्याप्त आक्रोश को देखते हुए कई थानों का पुलिस फ ोर्स व पीएसीतैनात कर दी गई है। सराफ बीरेंद्र ने आबिद, रफतबेग, राजूू, अखिलेश, उमेश सहित 15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध लूट और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।