हमीरपुर। मुख्यालय के कचहरी मार्ग पर होटल के सामने खड़े वाहनों को हटाने को लेकर युवकों का यातायात सिपाहियों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर तीन युवकों ने दोनों सिपाहियों की जमकर धुनाई कर दी। घटना सोमवार की रात दस बजे बाद की है। कोतवाली पुलिस ने बुधवार को तीन युवकों के खिलाफ बलवा व सरकारी कार्य में पहुंचाने का मुकदमा दर्ज कर तीनों को जेल भेजा।
यातायात सिपाही दयाशंकर यादव ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि सोमवार की रात करीब 9:30 बजे सूचना मिली की बस स्टैंड से कचहरी जाने वाले मार्ग में एसबीआई बैंक के सामने स्थित खाने के होटल के सामने कुछ युवक अपनी बाइक सड़क पर खड़ी कर दी हैं। सूचना पर वह अपने साथी यातायात सिपाही रंजीत कुमार के साथ मौके पर गए। जहां सड़क में खड़ी बाइक को देख युवकों से हटाने को कहा। इस पर कोतवाली के टिकरौली गांव निवासी बवाली उर्फ अच्छेलाल पाल पुत्र हीरालाल, अखिलेश यादव पुत्र इंद्रपाल व रविंद्र यादव उर्फ बब्बू पुत्र तुलसीराम ने यातायात सिपाहियों पर हमला बोल दिया जिसमें दोनों सिपाही घायल हो गए।
मारपीट करने के बाद तीनों युवक भाग निकले थे। कोतवाल अनूप कुमार ने बताया कि यातायात सिपाही की तहरीर पर तीनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेजा है। सूत्रों की माने तो यातायात सिपाही व तीनों युवकों के अलावा अन्य लोग होटल में खाना खा रहे थे। और सिपाही सिविल वर्दी में थे। तभी किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई जो मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवकों ने होटल की कुर्सियों से सिपाहियों को पीटा।