कोतवाल एचडी सिंह को घटना की जानकारी देते प्रधान संघ के अध्यक्ष रामस्वरूप लोधी व साथ में प्रधान।
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली के गल्हिया गांव में एक पुराने मुकदमे को वापस न लेने पर दबंगों ने प्रधान के पिता को जानमाल की धमकी देते हुए उस पर फायर झोंक दिया। पीड़ित प्रधान ने थाने में तहरीर दी है। वहीं इस घटना को लेकर प्रधान संघ कोतवाल से मिला और जांच की मांग की।
गल्हिया गांव के प्रधान देवेंद्र राजपूत ने बताया कि बीती 19 सितंबर को गांव के कुछ लोग अवैध असलहे लेकर उसके घर पर आ धमके थे। आरोप लगाया कि उसके न मिलने पर इन लोगों ने पिता रामसेवक को असलहों की बट से मारापीटा और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में रामसेवक ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रधान देवेंद्र ने बताया कि गुरुवार की रात करीब आठ बजे आरोपी फिर से उसके घर आ धमके और उसके पिता को जान से मारने की धमकी देते हुए मुकदमा वापस लेने को कहा। इसी बीच आरोपियों ने फायर झोंक दिया, जिससे वह बाल-बाल बचे।
बताया कि आरोपी गांव के विकास कार्य में बाधा डाल रहे हैं तथा अपनी दबंगई के बल पर रंगदारी भी मांगते हैं। प्रधान ने बताया कि पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। इस घटना को लेकर प्रधान संघ के अध्यक्ष रामस्वरूप लोधी, मानसिंह, ओमप्रकाश, प्रमोद कुमारी, रामसरन आदि प्रधानों ने कोतवाली पहुंच दबंगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। वहीं कोतवाल एचडी सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।