मंगलवार की शाम जिला कारागार के गेट में पुलिस कर्मियों पर मिर्ची पाउडर झोंककर भागे छह बंदियों के मामले में पुलिस अधीक्षक एके सिंह ने बड़ी कार्रवाई अमल में लाई है। उन्होंने ड्यूटी में लापरवाही पर 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। साथ में ड्यूटी करने वाले आठ होमगार्ड भी निलंबित किए गए हैं।
उधर, पुलिस ने बुधवार सुबह पकड़े गए बंदियों की निशानदेही पर बेतवा नदी से राइफल भी बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस अभिरक्षा से भागे दो बंदियों को अभी तक नहीं पकड़ा जा सका है। पुलिस की पांच टीमें बंदियों की गिरफ्तारी में जुटी हैं। पुलिस अभिरक्षा से भागे बंदियों पर पुलिस लाइन के सब इंसपेक्टर ब्रजेंद्र शुक्ला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उधर, मंगलार देर रात आए डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी भी फरार कैदियों की धरपकड़ को कांबिंग में शामिल रहे।
मंगलवार को जनपद न्यायालय से पेशी के बाद जिला कारागार लाए गए बंदियों में छह ने पुलिसकर्मियों पर मिर्ची पाउडर डालकर हमला कर दिया था और भाग निकले थे। पुलिस ने फौरी कार्रवाई की। कई थानों की पुलिस बंदियों को पकड़ने में जुट गई। देर रात तक नदी की तलहटी से गोयम यादव, हरीओम सिंह, राहुल व मनमोहन को दबोच लिया गया। दो बंदी राघवेंद्र व बबलू उर्फ अवधेश अभी तक दबोचे नहीं जा सके हैं। इन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की पांच टीमें बनाई गई हैं। पुलिस ने बुधवार सुबह पकड़े गए बंदियों की निशान देही पर सिपाही से छीनी राइफल भी नदी की जलधारा से बरामद कर ली है। पुलिस अधीक्षक एके सिंह ने बताया कि बंदियों को अदालत में पेशी पर ले जाने के लिए 19 जवानों की ड्यूटी पुलिस लाइन से लगाई गई थी। जिसमें पुलिस कर्मी वीरेंद्र सिंह, रामऔतार, शिवदास, मुशीर अहमद, रामधीरज, मोहनलाल भारती, नरेंद्र सिंह, उमेंद्र शुक्ला, अशोक कुमार भूपेंद्र सिंह व अशोक कुमार यादव को निलंबित कर दिया है। इन पर विभागीय कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस अधीक्षक के पत्र पर जिला होमगार्ड कमांडेंट गिरीश चंद्र ने होमगार्ड राकेश कुमार, राजकुमार, कल्याण सिंह, शालिगराम, सुरेश कुमार, महेश कुमार, भोला नाथ व रामऔतार को निलंबित कर दिया है। एसपी ने बताया कि पुलिस अभिरक्षा से भागे बंदियों पर पुलिस लाइन के सब इंसपेक्टर ब्रजेंद्र शुक्ला की तहरीर पर कोतवाली में मामला दर्ज कराया गया है। उन्होंने बताया कि इस मुकदमे की विवेचना कोतवाली प्रभारी सुभाष यादव को दी है। इस प्रकरण की जांच अपर पुलिस अधीक्षक वीके मिश्रा करेंगे। साथ ही बंदियों को पकड़ने में पुलिस के साथ सहयोग करने पर मुख्यालय की आम जनता को बधाई दी है। पुलिस टीम को पांच हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की।