राठ में आग से तबाह हुए घर को देखतीं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
राठ कस्बे के फरसौलियाना मोहल्ले में शुक्रवार की रात एक घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिसमें घर की गृहस्थी, अनाज सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। मोहल्ले के लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। आग से करीब दो लाख का नुकसान हुआ है। पीड़ित लेखपाल का भाई है।
कस्बे के फरसौलियाना मोहल्ला निवासी लेखपाल शफीक पुत्र नजीर अहमद चार भाई हैं। चारों भाई एक ही घर में अलग-अलग कमरों में रहते हैं। शुक्रवार की रात करीब एक बजे लेखपाल शफीक के भाई फरीद अहमद के खपरैल वाले घर में आग लग गई। कमरे में सो रहे परिजनों को जब तक आग की जानकारी होती लपटें चारों तरफ फैल गईं थीं।
परिजन किसी तरह से घर से बाहर निकले और पानी डालकर आग पर काबू पाया। जब तक दमकल पहुंची आग से गृहस्थी तबाह हो गई थी। फरीद ने बताया कि आग से घर में रखा कूलर, टेबिल फैन, पलंग, छह क्विंटल गेहूं, कपडे़, रजाई, गद्दा सहित उसकी मां के बक्से में रखे करीब सात हजार रुपये जलकर राख हो गए।
शफीक ने अज्ञात कारणों से आग लगने की बात कही है। कानूनगो रमेश सोनी ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। रमेश सोनी ने बताया कि आग से करीब दो लाख रुपये की क्षति हुई है।