प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित छह दिवसीय दुग्ध डेयरी प्रशिक्षण शिविर के समापन पर प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही दूध का अधिक से अधिक उत्पादन कर बढ़ाने पर जोर दिया गया।
कुछेछा स्थित ऑल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में छह दिवसीय आयोजित दुग्ध डेयरी व्यवसाय के प्रशिक्षण के समापन पर अग्रणी बैंक जिला प्रबंधक एसके साहू ने प्रशिक्षुओं को परिश्रम कर इस कार्य से अधिक लाभ कमाने को प्रेरित किया।
उन्होंने आनुवंशिकता पर जोर देते हुए कहा कि उन्नतशील पशु तैयार कराकर अधिक से अधिक दूध का उत्पादन किया जा सकता है। जिससे दूध की समस्या को समाप्त करने में मदद मिल सकती है। संस्थान के निदेशक केशव बाजपेई ने कहा कि डेयरी उद्योग आर्थिक विकास का साधन बन सकता है। कहा कि अन्ना प्रथा बंद होनी चाहिए।
उन्होंने अच्छी नस्ल के पशु रखने की पशुपालक को सलाह दी। इस दौरान संकाय सदस्य रविशंकर श्रीवास्तव ने भी सभी प्रतिभागियों को बदलते समय में आगे बढ़कर प्रत्येक कार्य में सहभागिता कर विकास करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान सत्यप्रकाश, संतराम आदि मौजूद रहे।