हमीरपुर मार्ग पर पैदल जा रहे युवक को किसी वाहन ने रौंद दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे सीएचसी ले गई। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जालौन जनपद के थाना आटा के सुरहती गांव निवासी माता प्रसाद ने बताया उसका भाई रामगोपाल (50) कोतवाली क्षेत्र के कुर्रा गांव में संतपाल यादव के यहां रह कर मजदूरी करता था। शुक्रवार शाम वह धनौरी गांव निवासी अपनी मौसी के यहां जा रहा था। बताया कि कोई साधन न मिलने पर वह रात करीब 10 बजे राठ से धनौरी के लिए पैदल चल दिया।
हमीरपुर मार्ग पर साईं मंदिर के पास किसी वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों से सूचना पाकर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले गई। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। मूल रूप से औंता गांव निवासी रामगोपाल चार भाई थे।
बडे़ भाई श्रीकृष्ण की मौत 20 वर्ष पहले बीमारी से हो गई थी। भाई माताप्रसाद ने वाहन चालक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल मनोज शुक्ला ने बताया कि वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जांच की जा रही है।