राठ के सीएचसी में जानकारी लेते एसडीएम व सीओ।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
चिल्ली गांव में एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गई। परिजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से सैफई रेफर कर दिया गया है। जहां उसकी मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है।
चिल्ली निवासी सरोज (22) पत्नी रिंकू मंगलवार सुबह झुलस गई। परिजनों ने गंभीर हालत में उसे सीएचसी में भर्ती कराया। पति रिंकू ने बताया सोमवार रात एक शादी समारोह में वह धमना गांव गया था। मंगलवार सुबह उसकी पत्नी ने खुद पर केरोसिन डालकर आग लगा ली है।
मवई गांव निवासी विवाहिता के चाचा चंद्रकांत ने बताया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजन बेटी का उत्पीड़न करते थे। शादी के दो साल बाद भी बच्चा न होने पर ताना देते हैं। आरोप लगाया कि पांच दिन तक भूखा रखने के बाद मंगलवार सुबह उसे कमरे में बंद कर आग लगा दी है।
सीएचसी अधीक्षक डा. संतोष मिश्रा ने बताया विवाहिता 90 प्रतिशत तक झुलस चुकी है। एसडीएम सुरेश कुमार व सीओ शुभसूचित ने अस्पताल पहुंच पीड़िता के बयान दर्ज किए हैं। वहीं सैफई में महिला की मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी मनोज शुक्ला ने बताया अभी तहरीर नहीं मिली है।