हरदीप के बयान पर पुलिस संतुष्ट नहीं, रोहित व उसकी महिला मित्र के फोन की करवाएगी जांच
पानीपत। बॉलीवुड संजय दत्त की पहली पत्नी की कजन और देश के तीसरे बड़े बासमती चावल निर्यातक रोहित गर्ग उर्फ रोमी की मौत के राजदार दोनों के दोस्त हरदीप के बयान से पुलिस संतुष्ट नहीं है। हरदीप के मुताबिक उस रात दोनों के बीच झगड़ा हुआ जरूर, लेकिन झगड़ा क्यों हुआ, उन्हें आत्महत्या क्यों करनी पड़ी, इसका कारण पता होने के बारे में हरदीप ने भी इंकार कर दिया है। लेकिन पुलिस इस बात से सहमत नहीं है कि अगर उन दोनों ने रात को झगड़ा होने के बाद सिर्फ हरदीप को ही बुलाया। पुलिस इस बात को मानने को तैयार नहीं हो रही कि उन्होंने हरदीप को झगड़े के बारे में नहीं बताया होगा। दोनों की आत्महत्या करने का कारण जानने के लिए पुलिस की टीम अलग-अलग पहलुओं पर काम कर रही है। जिसमें पुलिस मुख्य रूप से दोनों मृतकों सहित इनके कई दोस्तों के मोबाइल फोन व कॉल डिटेल की जांच करवाएगी। मंगलवार को महिला के परिजनों को मॉडल टाउन स्थित थाना में जांच के लिए बुलाया गया था, लेकिन थाना प्रभारी व डीएसपी विभाग के किसी और काम से बाहर गए हुए थे। जिस कारण उन्हें जांच में शामिल होने के लिए किसी अन्य दिन का समय दिया गया है।