पुलिस हिरासत में चूड़ी व्यापारी का हत्यारोपी अफरोज।
- फोटो : amarujala
भरुआसुमेरपुर कस्बा निवासी चूड़ी व्यवसायी की हत्या के मामले के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। हत्यारोपी ने पुलिस को बताया कि उधार लिए 45 हजार रुपये वापस न करने पर गुस्से में आकर गोली मार दी थी। हत्यारोपी को गिरफ्तार करने पर एसपी ने पुलिस टीम को ढाई हजार रुपये का पुरस्कार दिया।
पुलिस अधीक्षक एके सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि 25 अक्तूबर को कस्बा निवासी चूड़ी व्यवसायी जहीर खान (60) पुत्र जहूर खान मस्जिद से नमाज पढ़कर सुबह करीब 6:30 बजे घर आ रहा था। तभी कस्बा निवासी अफरोज पुत्र अमानतुल्ला उर्फ पापा टेलर ने उधारी वापस न करने पर गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने मृतक के पुत्र दिलशाद की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश डाल रही थी। थानाध्यक्ष आरके सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 11:30 बजे मुखबिर की सूचना पर चंदपुरवा मोड़ के पास से हत्यारोपी अफरोज को गिरफ्तार किया है।
जिस पर उसने अपना जुर्म कुबूल किया है। हत्यारोपी ने बताया कि मृतक जहीर ने उससे 45 हजार रुपये उधार लिए थे और वह एक वर्ष से उससे लगातार मांग रहा था। लेकिन मृतक चूड़ी व्यापारी पैसा देने में आनाकानी कर रहा था। इसी पर तैश में आकर उसने तमंचे से गोली मार दी।
आरोपी ने पुलिस को हत्या में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस को भी रेलवे पुल के नीचे से बरामद कराए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा भी पंजीकृत किया है। पुलिस अधीक्षक ने हत्यारोपी को पकड़ने वाली टीम के थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह, एसएसआई विनय कुमार सिंह, सिपाही कपिल कुमार व रजनीश कुमार को ढाई हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया है। उधर पुलिस इस मामले में गिरफ्तारी का स्थान थानाक्षेत्र बता रही है। जबकि निवर्तमान थानाध्यक्ष केएन सिंह ने 31 अक्तूबर को कहा था कि आरोपी मप्र के शहडोल थाने में समर्पण कर चुका है।