घटनास्थल का निरीक्षण करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
नांगलसोती में नाली विवाद को लेकर बुधवार शाम सौफतपुर में हुए संघर्ष में घायल एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां की हालत गंभीर है। संघर्ष में करीब 20 लोग घायल हुए थे। एक ही समुुदाय के दो पक्षों में हुए संघर्ष के बाद एसपी व सीओ ने घटनास्थल का दौरा किया। गांव में तनावपूर्ण शांति है।
नांगल थाना क्षेत्र के गांव सौफतपुर में बुधवार शाम नाली के पानी की निकासी को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्ष आपस में भिड़ गए थे। संघर्ष में घायल 25 वर्षीय फुरकान पुत्र अब्दुल हकीम की मेरठ उपचार के लिए ले जाते समय बुधवार देर रात मौत हो र्गई, जबकि उसकी मां शकीला गंभीर है। दोनों पक्षों की ओर से नांगल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
नांगल पुलिस ने मृतक फुरकान के भाई राशिद की ओर से शराफत पुत्र हबीब सहित शाहवेज, अरमान, अमित व अनुज के खिलाफ घर में घुसकर जानलेवा हमला करने के आरोप सहित विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। उधर, दूसरे पक्ष के शाहवेज पुत्र शराफत ने 12 लोगों के खिलाफ घर में घुसकर जानलेवा हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। नामजद लोगों में मृतक फुरकान, आसिफ, सुक्खे, शहजाद, फहीम, जीशान, नबी, शुएब, मुतर्जा, राशिद, मकसूद, महताब आदि शामिल हैं। संघर्ष के बाद सीओ बिजनौर असित श्रीवास्तव ने बुधवार देर रात सौफतपुर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। बृहस्पतिवार को एसपी सिटी कैप्टन एमएम बेग के घटनास्थल पर पहुंचने की सूचना पर थानाध्यक्ष नांगल उनके साथ गांव पहुंचे। हालांकि सौफतपुर में तनाव पूर्ण शांति है।