बेरी खदान के पास दो दिन पहले काम करने आए हरदोई निवासी एक निजी सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पोस्टमार्टम से मौत का कारण स्पष्ट न होने पर शव का बिसरा सुरक्षित कर जांच को प्रयोगशाला भेजा गया है। वही परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
हरदोई के माधवगंज के इस्लामपुर निवासी नौशाद खान (45) के पास लाइसेंसी राइफल है। दो दिन पहले नौशाद कुरारा के बेरी स्थित खंड संख्या 10-33 मौरंग खदान में गार्ड के पद पर कार्य करने आया था। शनिवार रात गंभीर हालत में खदान से उसे जिला अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने मौत की सूचना रात करीब साढ़े ग्यारह बजे कोतवाली पुलिस को दी। जिस पर कोतवाल एके सिंह ने रात में ही कुरारा एसओ केके पांडेय को सूचित किया।
कुरारा एसओ ने बताया प्रथम दृष्टया जांच में अधिक शराब पीने से मौत प्रतीत होती है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। गार्ड की लाइसेंसी राइफल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दी है। गार्ड के चचेरे भाई मोइन ने नौशाद की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। कहा उसके भाई के शरीर व पीठ में चोटों के निशान हैं साथ ही कपड़े भी फटे हैं। उधर पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने पर उसका बिसरा सुरक्षित कर जांच को भेजा गया है। गार्ड के चार पुत्रियां व एक पुत्र हैं।