अमर उजाला ब्यूरो
राठ (हमीरपुर)। मझगवां थाने के कोठा गांव में घर और जमीन के बंटवारे को लेकर एक युवक ने कुएं में कूद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
कोठा गांव निवासी धूराम अहिरवार के तीन पुत्र मैयादीन, मिथलेश और शिवजीत हैं। मैयादीन की शादी हो चुकी है और उसके दो बच्चे हैं। ध्रूराम ने बताया कि सोमवार को उसके भाई शिव सिंह की पुत्री की धमनौर झांसी से बारात आई थी। मंगलवार को विदाई हुई थी।
विदाई के बाद मैयादीन उससे बंटवारे की बात कहने लगा था। सुबह पिता और भाइयों से बंटवारे को लेकर मैयादीन का विवाद हो गया। पिता ने बताया कि मैयादीन ने शराब पी और आक्रोशित होकर घर से निकल गया। मैयादीन ने गांव के अंदर बने एक गहरे सूखे कुएं में छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने जब उसे कुएं में गिरते देखा तो हड़कंप मच गया। आननफानन उसे बाहर निकाल अस्पताल पहुंचाया। जहां नाजुक हालत होने पर चिकित्सकों ने झांसी रेफर कर दिया। रास्ते में मैयादीन ने दम तोड़ दिया। डाक्टरों ने बताया कि मैयादीन के सिर पर गंभीर चोटें आईं थीं।